

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : साइबर ठगों ने बैंक अधिकारी बनकर एक व्यक्ति से 6.69 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में कोलकाता पुलिस के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज जीरो एफआईआर के आधार पर संबंधित थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता स्वपन कुमार मंडल ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक ऑफ इंडिया की टेंगरा शाखा का कर्मचारी बताते हुए नया एटीएम कार्ड जारी कराने की बात कही। आरोप है कि ठग ने शिकायतकर्ता को वॉट्सएप के माध्यम से एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक कर आवश्यक जानकारी भरने के लिए कहा। बैंक कर्मचारी समझकर शिकायतकर्ता ने लिंक खोलकर अपनी बैंक संबंधी जानकारी साझा कर दी। कुछ ही देर बाद उन्हें पता चला कि उनके बैंक ऑफ इंडिया के खाते से कुल 6,69,723 रुपये निकाल लिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित साइबर धोखाधड़ी का प्रतीत हो रहा है, जिसमें अज्ञात आरोपियों ने आपराधिक साजिश के तहत बैंक कर्मचारी बनकर शिकायतकर्ता को झांसे में लिया और उसके खाते से बड़ी रकम निकाल ली।