बांग्लार बाड़ी ग्रामीण योजना के प्रति जागरूकता के लिए साइकिल रैली
रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : दक्षिण 24 परगना जिले में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी आवास योजना ‘बांग्लार बाड़ी ग्रामीण’ के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सागर ब्लॉक के श्रीधाम गंगासागर क्षेत्र में एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में योजना की जानकारी पहुंचाना और लोगों को इसमें भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। साइकिल रैली को राज्य के मंत्री बंकिम चंद्र हाजरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘बांग्लार बाड़ी ग्रामीण’ योजना राज्य सरकार की एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में रहने वाले सभी पात्र और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित, टिकाऊ एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में एक सामूहिक प्रयास है। मंत्री ने आम जनता से इस योजना में सक्रिय रूप से जुड़ने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की । इस साइकिल रैली में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वयंसेवी संगठनों के सदस्यों, युवाओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी साइकिलों पर योजना से संबंधित जागरूकता संदेशों वाले बैनर और पोस्टर लगाए हुए थे, जिनके माध्यम से लोगों को योजना की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियों से ग्रामीण लोगों को सरकारी योजनाओं की सही और स्पष्ट जानकारी मिलती है, जिससे वे अपने अधिकारों के प्रति अधिक सजग होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जागरूकता के अभाव में कई लाभार्थी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं, जिसे दूर करने के लिए ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका है। साइकिल रैली शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई। इस आयोजन से पूरे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया और ग्रामीणों के बीच ‘बांग्लार बाड़ी ग्रामीण’ योजना को लेकर उत्साह और विश्वास का माहौल बना।

