नए एलपीजी कनेक्शन पर रोक जारी

छह महीने से इंतजार जारी, छोटे सिलिंडर भी महंगे
Kolkata
एलपीजी कनेक्शन पर रोक जारी
Published on

कोलकाता : घरेलू एलपीजी कनेक्शन लेने की उम्मीद लगाए बैठे कोलकाता के लोगों को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। शहर में नए घरेलू गैस कनेक्शन पर लगी रोक करीब छह महीने बाद भी जारी है।

इंडेन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की एजेंसियों में नए कनेक्शन के लिए किए गए आवेदन लंबित हैं। गैस कंपनियों के अधिकारियों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण नए कनेक्शन जारी करने पर रोक लगाई गई है।

होर्मुज संकट से प्रभावित हुई एलपीजी की आपूर्ति

गैस कंपनियों के अनुसार, ईरान-अमेरिका युद्ध से जुड़े होर्मुज क्षेत्र के संकट का असर एलपीजी की आपूर्ति पर पड़ा है। भारत में मांग के अनुपात में आयातित एलपीजी की उपलब्धता कम बताई जा रही है।

समुद्री रास्ते से गैस की खेप पहुंचने में करीब 43 से 52 दिन लग रहे हैं। ऐसे में मौजूदा उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जा रही है और नए कनेक्शन फिलहाल रोके गए हैं।

नया कनेक्शन कब से मिलेगा, इसकी कोई पक्की तारीख अभी सामने नहीं आई है। ई-केवाईसी (e-KYC) और वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ही पोर्टल खुलने की उम्मीद है।

पांच और 10 किलो के सिलिंडर विकल्प, कीमत बनी परेशानी

नए कनेक्शन के विकल्प के तौर पर कंपनियों ने पांच और 10 किलोग्राम क्षमता वाले पारदर्शी एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराए हैं। हालांकि, इनकी कीमत व्यावसायिक दरों पर होने के कारण आम उपभोक्ताओं के लिए यह विकल्प महंगा साबित हो रहा है।

10 किलो के सिलिंडर के लिए 4,450 रुपये और पांच किलो के सिलिंडर के लिए 1,600 रुपये निर्धारित हैं। रिफिल कराने पर 10 किलो वाले सिलिंडर के लिए 1,400 रुपये और पांच किलो वाले के लिए 767 रुपये देने पड़ते हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in