

हुगली : बलागढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब के अड्डे पर छापेमारी कर 51 लाख 53 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस दौरान दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके से रुपये गिनने की मशीन, तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया है। हुगली ग्रामीण पुलिस के डीएसपी (क्राइम) अभिजीत सिन्हा महापात्र ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बलागढ़ थाना क्षेत्र की एक पानशाला, जो बार के रूप में भी संचालित होती है, वहां कुछ संदिग्ध लोग ठहरे हुए हैं। सूचना के आधार पर तत्काल एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से शुभजीत कुंडू और अग्निजीत कुंडू को हिरासत में लिया। दोनों आरोपी बांकुड़ा जिले के शालतोड़़ा इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी उक्त पानशाला के एक कमरे को किराये पर लेकर रह रहे थे। तलाशी अभियान के दौरान कमरे से पहले चरण में 41 लाख 53 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके साथ ही एक रुपये गिनने की मशीन, तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड के दौरान गहन पूछताछ में उसी कमरे में छिपाकर रखे गए अतिरिक्त 10 लाख रुपये और बरामद किए गए। इस प्रकार कुल बरामद नकदी की राशि 51 लाख 53 हजार 500 रुपये तक पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी इतनी बड़ी रकम के स्रोत के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। यह राशि किस उद्देश्य से इलाके में लाई गई थी और इसका इस्तेमाल किस गतिविधि के लिए होना था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि मामला अवैध लेन-देन या किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।