बाखराहाट चौकी में मौत के बाद बवाल, कार्रवाई की मांग पर सड़क जाम

बकराहाट में बवाल के दौरान ली गई तस्वीर
बकराहाट में बवाल के दौरान ली गई तस्वीर
Published on

कोलकाता: बाखराहाट थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी में एक व्यक्ति की मौत के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान जयचंडी गांव निवासी पलान राय के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि दोपहर करीब दो बजे पुलिस पलान राय को बाखराहाट चौकी लेकर आई थी। परिवार का दावा है कि चौकी में उनके साथ मारपीट और शारीरिक प्रताड़ना की गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि चौकी लाए जाने के बाद ही पलान राय की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें पुलिस वाहन से अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, पलान राय और शिकायतकर्ता विजय सिंह दोनों नशे की हालत में थे। पुलिस ने यह भी बताया कि करीब तीन वर्ष पहले पलान राय के हृदय में स्टेंट डाला गया था। मृतक के परिजनों ने पुलिस हिरासत में मौत का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष और पूर्ण जांच की मांग की है। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने बाखराहाट मोड़ पर प्रदर्शन किया और बाखराहाट-ठाकुरपुकुर रोड जाम कर दिया। इससे वाहनों की आवाजाही बाधित हुई और इलाके में लंबा जाम लग गया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in