बजबज शिल्पांचल में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा पूजा

बजबज शिल्पांचल में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा पूजा
Published on

बजबज : बजबज शिल्पांचल के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित की गई। इस अवसर पर बजबज के बीबीआईटी, जेम्स सहित महेशतला क्षेत्र के विभिन्न कल-कारखानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही पूजा को लेकर कारखानों में चहल-पहल बनी रही। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धा के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा की तथा सुख-समृद्धि और कारोबार में उन्नति की कामना की। पूजा के बाद विभिन्न स्थानों पर लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। शिल्पांचल के अधिकांश कल-कारखानों में दिनभर संगीत बजता रहा, जिससे पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बना रहा। पूजा के अवसर पर कई स्थानों पर सजावट भी की गई थी। स्थानीय लोगों के साथ-साथ कारखानों में काम करने वाले कर्मचारियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान टोटो चालकों ने भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा में हिस्सा लिया। कई टोटो चालकों ने अपने वाहनों की साफ-सफाई कर उनकी पूजा-अर्चना की और सुरक्षित यात्रा की कामना की। बजबज निवासी कमलेश सिंह ने कहा कि इस बार विश्वकर्मा पूजा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे इलाके में सुबह से ही उत्सव का माहौल रहा। इसके अलावा चटा रायपाड़ा में भी विश्वकर्मा पूजा का आयोजन धूमधाम से किया गया। यहां भी कारखानों के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में पूजा को लेकर उत्साह का माहौल रहा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in