बजबज जूट मिल में लगी भयावह आग, बड़ा हादसा टला

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

बजबज : बजबज पालिका के वार्ड नंबर 3 स्थित बजबज जूट मिल में रविवार की सुबह करीब साढ़े 11:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मिल परिसर में दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत बजबज थाने की पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मिल के मशीनरी पार्ट्स में आग लगी थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। बजबज जूट मिल के एक अधिकारी के अनुसार, मशीनों में अचानक आग लगने से कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भारी दहशत फैल गई थी। हालांकि कुछ अधिकारियों ने यह भी बताया कि हाल ही में आनंदपुर में हुई घटना को लेकर इलाके में पहले से ही सतर्कता बढ़ी हुई थी, जिसके चलते आग लगने की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। घटना के बाद डायमंड हार्बर पुलिस जिला के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बजबज जूट मिल में पहले भी कई बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने जूट मिल प्रबंधन को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि 7 दिनों के भीतर फायर सेफ्टी मैनेजमेंट की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ऐसा नहीं होने पर मिल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें आग लगी के एक दिन भी आस पास में रहने वाले मजदूरों में सोमवार की सुबह भी आतंक का माहौल देखा गया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in