

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
बजबज : इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के कई दिन बीत जाने के बाद इसका असर अब कई देशों के साथ-साथ भारत में भी देखने को मिल रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच देश के कई राज्यों में रसोई गैस और वाणिज्यिक सिलिंडरों की सप्लाई प्रभावित होने की खबर सामने आ रही है। बजबज शिल्पांचल इलाके में भी रसोई गैस की कमी को लेकर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोकल ट्रेन, चाय की दुकानों, ऑटो और बसों में इन दिनों गैस की सप्लाई प्रभावित होने की चर्चा आम हो गई है।
इस संबंध में सन्मार्ग की टीम ने बजबज शिल्पांचल के कई इलाकों का दौरा कर स्थानीय लोगों से बात की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर रसोई गैस सिलिंडर नहीं मिलने से घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। बजबज के निवासी मोहसिन मलिक ने बताया कि उन्हें 4 मार्च को रसोई गैस सिलिंडर की डिलीवरी का संदेश मिला था, लेकिन अब तक सिलिंडर नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि गैस नहीं मिलने के कारण घर में खाना बनाना कठिन हो गया है और मजबूरी में लकड़ी पर खाना बनाना पड़ रहा है। वहीं रुख्साना बीबी ने बताया कि पिछले गुरुवार से वह फोन पर गैस बुकिंग करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन बुकिंग नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि पवित्र रमजान के महीने में गैस नहीं मिलने से काफी परेशानी हो रही है। कई लोगों का यह भी कहना है कि पहले से निर्धारित नंबर पर अब बुकिंग नहीं ली जा रही है। लोगों के अनुसार बजबज स्टेशन के पास एचपी रसोई गैस का बुकिंग नंबर भी बदल दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को डिस्ट्रीब्यूटर की दुकान का चक्कर लगाते हुए देखा गया। वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने डिस्ट्रीब्यूटर पर गैस सिलिंडरों की कथित कालाबाजारी का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि पहले गैस की डिलीवरी दो दिनों के भीतर हो जाती थी, लेकिन अब दूसरे सिलिंडर की डिलीवरी में करीब 25 दिन का समय लग रहा है। हालांकि एक एलपीजी डीलरशिप के मालिक ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण फिलहाल गैस बुकिंग में समस्या आ रही है, जिससे सप्लाई प्रभावित हुई है।