बजबज में कामर्शियल एलपीजी का संकट, रेस्टोरेंट बंदी के कगार पर

रेस्टोरेंट मालिक शुभ्र घोष
रेस्टोरेंट मालिक शुभ्र घोष
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

बजबज : बजबज शिल्पांचल क्षेत्र में कामर्शियल एलपीजी की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। गैस की अनियमित सप्लाई के कारण कई रेस्टोरेंट गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं और कुछ रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर पहुंच गए हैं। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो उन्हें अपने प्रतिष्ठान बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष, विशेषकर इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर घरेलू और कामर्शियल एलपीजी गैस की सप्लाई पर भी पड़ रहा है। इसका सीधा असर बजबज इलाके के छोटे-बड़े रेस्टोरेंट पर देखने को मिल रहा है। बजबज के प्रसिद्ध स्वामीजी रेस्टोरेंट में भी गैस की कमी के कारण कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रेस्टोरेंट प्रबंधन को मजबूर होकर अपने मेन्यू में कटौती करनी पड़ी है। कई लोकप्रिय व्यंजनों को फिलहाल बंद कर दिया गया है। खासतौर पर साउथ इंडियन व्यंजनों की बिक्री पूरी तरह रोक दी गई है, क्योंकि उन्हें बनाने में अधिक गैस की आवश्यकता होती है। रेस्टोरेंट के मालिक शुभ्र घोष ने बताया कि रेस्टोरेंट में पहले छह से सात कारीगर खाना बनाने का काम करते थे, लेकिन गैस की कमी और काम घटने के कारण फिलहाल कई कारीगरों को कुछ दिनों की छुट्टी देनी पड़ी है। उन्होंने कहा कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो रेस्टोरेंट को बंद करना पड़ सकता है, जिससे कई लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित होगी। इधर बजबज रेल गेट के पास स्थित अन्य रेस्टोरेंट संचालकों ने भी इसी तरह की समस्या बताई है। उनका कहना है कि कामर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई समय पर नहीं मिल रही है, जिससे रोजमर्रा का कारोबार चलाना मुश्किल हो गया है। रेस्टोरेंट मालिकों ने सरकार से जल्द से जल्द गैस आपूर्ति को सुचारु करने की मांग की है, ताकि उनका व्यवसाय और कर्मचारियों की आजीविका को बचाया जा सके।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in