गुरुवार को बैंकशाल कोर्ट में प्रदर्शन करते वकील
कोलकाता सिटी
बैंकशाल कोर्ट में वकीलों पर हमले का मुख्य आरोपी कुशल पांडे पुलिस हिरासत में
वकीलों ने हड़ताल वापस ली
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
बैंकशाल अदालत परिसर में चार वकीलों के साथ मारपीट करने के मुख्य आरोपी कुशल पांडे को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे 12 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बैंकशाल कोर्ट बार एसोसिएशन ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है।
क्या है पूरा मामला?
कुछ दिनों पहले एक यूट्यूबर को बैंकशाल अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। उसी दौरान कुछ बाहरी तत्वों ने यूट्यूबर को निशाना बनाकर अंडे फेंके। मौके पर मौजूद वकीलों ने जब इसका विरोध किया, तो बाहरी लोगों ने चार वकीलों की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा था।
बार एसोसिएशन का विरोध और पुलिस कार्रवाई
वकीलों पर हुए इस हमले के विरोध में बैंकशाल कोर्ट बार एसोसिएशन ने हड़ताल का आह्वान किया था। वकीलों ने मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लालबाजार अभियान की भी चेतावनी दी थी। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हेयर स्ट्रीट थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी कुशल पांडे को गिरफ्तार कर लिया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंह और सचिव राजा सेनगुप्ता ने मीडिया को बताया कि मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई है।
अदालत में जोरदार बहस और आरोपी की माफी
गुरुवार को सुनवाई के दौरान बार एसोसिएशन के सचिव राजा सेनगुप्ता ने कहा, \"वकीलों पर हमले का मुख्य सरगना कुशल पांडे गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया है। इतने दिनों से स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन अब आरोपी के पकड़े जाने पर हम अदालत के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। \" वकील शहजाद हुसैन ने भी आरोपी की पुलिस हिरासत की मांग की। सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, \"यह एक अक्षम्य अपराध, अकल्पनीय और बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। घटना का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है। \" इसके साथ ही उन्होंने पुलिस हिरासत की अर्जी दाखिल की।दूसरी ओर, आरोपी कुशल पांडे ने जज के समक्ष हाथ जोड़कर माफी मांगी। उसने कहा, \"मैं उस दिन की घटना के लिए क्षमा चाहता हूं। अंडे यूट्यूबर को निशाना बनाकर फेंके जा रहे थे, जो दुर्भाग्य से वकीलों को लग गए। वकीलों से हमारी कोई दुश्मनी नहीं थी, वह घटना आवेश (हीट ऑफ द मोमेंट) में हो गई। महिलाओं के साथ जो भी हुआ, उसके लिए भी मैं माफी मांगता हूं। मेरे राजनीतिक करियर पर कोई दाग नहीं है। \" दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कुशल पांडे को 12 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुबह से ही बैंकशाल कोर्ट परिसर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। परिसर में स्थिति नियंत्रित रखने के लिए बार एसोसिएशन के सचिव राजा सेनगुप्ता खुद लोगों से अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील करते नजर आए।

