घयल व्यक्ति को ले जाते हुए लोग
कोलकाता सिटी
बाली स्टेशन पर हादसा, ट्रेन में चढ़ते समय एक श्रद्धालु की मौत, दो घायल
मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा :
दक्षिणेश्वर में मां भवतारिणी के दर्शन के बाद खुशी-खुशी घर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए सफर मातम में बदल गया। बाली स्टेशन पर हावड़ा जाने वाली ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से तीन श्रद्धालु प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच खतरनाक गैप में जा गिरे। हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान सुधांशु कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल नरेश चंद्र गड़ाई और सुकुमार राम को गंभीर हालत में बचाकर हावड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि पश्चिम बर्धमान के सालानपुर से पांच लोगों का एक दल दक्षिणेश्वर पूजा करने आया था। पूजा के बाद सभी बाली स्टेशन से हावड़ा जाने वाली ट्रेन पकड़ रहे थे। इसी दौरान स्टेशन पर भारी भीड़ के बीच ट्रेन में चढ़ते समय अचानक तीन लोग संतुलन खोकर नीचे गिर गए। प्रत्यक्षदर्शी सुभाष बाउरी ने बताया कि भीड़ काफी अधिक थी और इसी दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से घायलों को अस्पताल पहुंचाने और इलाज की व्यवस्था में मदद मिली। दर्शन के बाद घर लौटने की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।

