

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : एक बार फिर अवैध घुसपैठ का मामला सामने आया है। अंतरराष्ट्रीय जलसीमा पार कर भारतीय जलसीमा में मछली पकड़ते हुए 24 बांग्लादेशी मछुआरों को भारतीय तटरक्षक बल ने पहले हिरासत में लिया और बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर फ्रेजरगंज कोस्टल थाना पुलिस ने अवैध घुसपैठ के आरोप में इन मछुआरों को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, बांग्लादेशी ट्रॉलर एफबी स्वपन गहरे समुद्र में अंतरराष्ट्रीय जलसीमा पार कर भारतीय जलसीमा में प्रवेश कर मछली पकड़ रहा था। ट्रॉलर पर कुल 24 बांग्लादेशी मछुआरे सवार थे। गश्त के दौरान भारतीय तटरक्षक बल की नजर ट्रॉलर पर पड़ी। इसके बाद जवानों ने तुरंत पीछा कर बांग्लादेशी ट्रॉलर को पकड़ लिया। वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रहने पर ट्रॉलर सहित सभी मछुआरों को हिरासत में ले लिया गया। तटरक्षक बल सभी बांग्लादेशी घुसपैठियों को फ्रेजरगंज बंदरगाह लेकर आया, जहां उन्हें फ्रेजरगंज कोस्टल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि सभी मछुआरों को अवैध घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। सभी आरोपितों को मंगलवार को काकद्वीप एसीजेएम अदालत में पेश किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कई बार भारतीय जलसीमा में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में सैकड़ों बांग्लादेशी मछुआरों को तटरक्षक बल ने पकड़ा है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी कई बार बांग्लादेशी मछुआरों द्वारा अंतरराष्ट्रीय जलसीमा पार कर भारतीय जलसीमा में प्रवेश करने की घटनाएं सामने आयी थीं।