

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: शहर में ऑटो रिक्शा चालकों को इन दिनों एलपीजी गैस की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी रोज़ी-रोटी पर असर पड़ने लगा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इज़रायल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। जानकारी के अनुसार, अलीपुर स्थित भवानी भवन के सामने पेट्रोल पंप पर ऑटो में एलपीजी भरवाने के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं। चालकों को गैस भरवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई चालकों का कहना है कि उन्हें सप्ताह में कम से कम दो दिन लाइन में लगना पड़ता है, जिससे उनकी दैनिक आय प्रभावित हो रही है।
एलपीजी संकट से जूझते ऑटो चालकों ने पार्क सर्कस में रिफिल सुविधाएं देने की मांग की
ऑटो चालक मो. मोयूम, रफीक अहमद और मो. इरशाद ने बताया कि पार्क सर्कस इलाके में एलपीजी रिफिल की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें काफी दूर अलीपुर आना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि पार्क सर्कस क्षेत्र में भी एलपीजी गैस भरने की व्यवस्था की जाए, ताकि उनकी परेशानी कम हो सके। वहीं, अन्य चालकों का कहना है कि गैस की कमी के कारण उनका रोजगार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। एक चालक ने बताया कि इस संकट के चलते परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो गया है। ऑटो चालकों ने सरकार से एलपीजी गैस की आपूर्ति को जल्द से जल्द सामान्य करने की मांग की है, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपना काम जारी रख सकें ।