

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : लियोनेल मेस्सी के कोलकाता दौरे से जुड़े युवा भारती स्टेडियम विवाद में पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ दर्ज FIR के बाद गिरफ्तारी की आशंका के चलते उन्होंने सोमवार को बारासात कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ पांच धाराओं में मामला दर्ज किया है। मेस्सी के कोलकाता दौरे के दौरान युवा भारती स्टेडियम में हुई अव्यवस्था के मामले में पूर्व मंत्री अरूप कानूनी दबाव में आ गए हैं। बिधाननगर साउथ थाना पुलिस ने टूर ऑर्गनाइजर शताद्रु दत्ता की शिकायत पर अरूप विश्वास समेत कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामला जबरन वसूली, धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी, आपराधिक साजिश और समान उद्देश्य से अपराध करने जैसी पांच धाराओं के तहत दर्ज हुआ है।
टिकट और अव्यवस्था के आरोप
शताद्रु दत्ता का आरोप है कि अरूप ने कार्यक्रम के लिए हजारों कॉम्प्लिमेंट्री टिकट मांगे थे और दबाव बनाया था। उनका दावा है कि 22 हजार टिकट ब्लैक मार्केट में बेचे गए, जिससे आयोजन प्रभावित हुआ। भारी भीड़ और अव्यवस्था के कारण टिकट खरीदने वाले हजारों दर्शक मेस्सी को नहीं देख सके और कार्यक्रम विवादों में घिर गया। सत्ता परिवर्तन के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।