

दक्षिण 24 परगना: रंगदारी वसूली के आरोप में फरार चल रहे बजबज नगर पालिका के 12 नंबर वार्ड के पार्षद मिठून ठिकादार को पुलिस ने असम से गिरफ्तार कर लिया है। डायमंड हार्बर पुलिस ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर बजबज थाने में पूछताछ की। बाद में आरोपी को अलीपुर अदालत में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मिठून के खिलाफ रंगदारी वसूली समेत कई गंभीर आरोपों की जांच चल रही थी। मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए वह राज्य से बाहर चला गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने असम में उसके ठिकाने का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद राज्य में ले आई। इधर, जब पुलिस आरोपी को बजबज थाने से वाहन द्वारा अलीपुर कोर्ट ले जा रही थी, तब रास्ते में मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने उसे देखकर “चोर-चोर” के नारे लगाए। इस दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले डायमंड हार्बर पुलिस ने मिठून
ठिकादार के आवास पर तलाशी अभियान चलाया था। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके घर से एक अवैध हथियार तथा कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने का दावा किया था। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी की गतिविधियों में और कौन-कौन लोग शामिल थे। अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर 11 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया।