कोलकाता में भारी संख्या में अवैध हथियार के साथ तस्कर गिरफ्तार

बिहार से कोलकाता लाया गया था अवैध हथियार
गिरफ्तार मो.इस्तियाक
गिरफ्तार मो.इस्तियाक
Published on
गिरफ्तार तस्कर के पास से बरामद हथियार
गिरफ्तार तस्कर के पास से बरामद हथियार

कोलकाता: विधानसभा चुनाव से पहले बिहार से अवैध हथियारों की खेप कोलकाता में पहुंच रही है। इसी बीच कोलकाता पुलिस के एआरएस अधिकारियों ने एक तस्कर को भारी संख्या में अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। यह घटना कसबा थानांतर्गत रासबिहारी एवेन्यू इलाके की है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम मो. इस्तियाक (38) है, जो बिहार के गया जिले के गुरारू इलाके का रहनेवाला है।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के पास से तीन सिंगल शटर, दो रिवॉल्वर, एक पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद किए गए हैं।

क्या है पूरा मामला

एआरएस अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि सोमवार को कोलकाता में भारी मात्रा में अवैध हथियारों की तस्करी की योजना है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में सघन निगरानी शुरू कर दी।

सोमवार की दोपहर को गरियाहाट से रूबी की तरफ जा रहे एक ऑटो को रोक कर जांच की गई। जांच के दौरान एक व्यक्ति के बैग से भारी संख्या में हथियार बरामद किए गए। मौके पर पुलिस ने हथियारों के साथ अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि इस्तियाक बिहार से हथियारों की खेप लेकर कोलकाता आया था। हालांकि, अभियुक्त ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह यह हथियार किसे सप्लाई करने वाला था। पुलिस फिलहाल अभियुक्त से विस्तृत पूछताछ कर रही है और इस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शहर में अवैध हथियारों की तस्करी की घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है। एआरएस अधिकारियों की सतर्कता और गुप्त सूचना के आधार पर यह बड़ी सफलता हासिल हुई है।

पुलिस का कहना है कि अभियुक्त से पूछताछ और हथियारों की जांच के बाद ही यह पता चल पाएगा कि ये हथियार कहां सप्लाई होने वाले थे। कोलकाता पुलिस ने शहर में अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी भरोसा दिलाया है।

यह गिरफ्तारी उस समय हुई है जब चुनाव के मद्देनजर कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट है। एआरएस की टीम लगातार ऐसे मामलों पर नजर रखे हुए है और आगामी दिनों में और छापेमारी की संभावना जताई जा रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in