

कोलकाता : दक्षिण कोलकाता में ऐप आधारित बाइक सेवा के एक चालक पर फैशन डिजाइनिंग की छात्रा से कथित तौर पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगा है। घटना गुरुवार शाम की बताई गई है।
साल्टलेक निवासी छात्रा गोलपार्क से अपने संस्थान जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद करया पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी बाइक चालक घटना के बाद से फरार है।
निर्धारित रास्ता छोड़ दूसरे मार्ग पर ले गया
छात्रा के मुताबिक, बाइक चालक ऐप पर दिखाए गए निर्धारित मुख्य मार्ग का पालन करने के बजाय उसे एक कथित अनधिकृत रास्ते पर ले गया। इस दौरान चालक ने उसके साथ कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल किया और आपत्तिजनक इशारे किए।
छात्रा ने विरोध किया तो उसे धमकी भी दी गई। स्थिति बिगड़ने पर उसने करया थाने के पास बाइक रोकने को कहा, लेकिन चालक ने कथित तौर पर बदसलूकी जारी रखी।
थाने के पास उतरने के बाद भी जारी रही बदसलूकी
छात्रा ने पुलिस को बताया कि करया थाने के पास उतरने के बाद भी बाइक सवार ने उसके साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। भयावह अनुभव के बावजूद छात्रा ने यात्रा का पूरा किराया चुका दिया। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस अब आरोपी चालक की तलाश कर रही है। जांच में ऐप से मिली यात्रा की जानकारी और वाहन से जुड़े विवरण का इस्तेमाल कर चालक की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। घटना ने ऐप आधारित परिवहन सेवाओं में यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।