

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों की घोषणा की है। राज्य के कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, कई जिलों के जिलाधिकारी और महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नवान्न सूत्रों के अनुसार, आईएएस सुमित गुप्ता को कोलकाता नगर निगम के नगर आयुक्त पद से हटाकर जिला निर्वाचन अधिकारी (कोलकाता दक्षिण) का अतिरिक्त प्रभार सहित भूमि अभिलेख एवं सर्वेक्षण निदेशालय (DLRS) में तैनात किया गया है। वहीं अंशुल गुप्ता को कोलकाता (नॉर्थ) के जिला चुनाव अधिकारी के साथ-साथ कोलकाता नगर निगम के नगर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
निखिल निर्मल को नदिया का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि अनीश दासगुप्ता को नदिया से हटाकर बांकुड़ा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। बांकुड़ा के वर्तमान जिलाधिकारी सियाद एन. को उत्तर 24 परगना का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा, सुरेंद्र कुमार मीणा को उत्तर दिनाजपुर के जिलाधिकारी पद से हटाकर कोलकाता महानगर विकास प्राधिकरण (KMDA) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है।
वहीं अभिजीत तुकाराम शेवाले को अलीपुरद्वार का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी के साथ राज्य सरकार ने राजेश पांडेय को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है।