एयरपोर्ट पर फिर ‘विमान में बम है! ’ का गलत संदेश

इस बार भी टॉयलेट के आईने पर लिखा मिला धमकी भरा संदेश
कोलकाता एयरपोर्ट
कोलकाता एयरपोर्ट
Published on: 

लगातार दूसरे दिन फर्जी धमकी से मचा हड़कंप, फुकेट से आए इंडिगो विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर की गई जांच, संगठित गिरोह की भूमिका की भी पड़ताल

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

कोलकाता: शुक्रवार के बाद शनिवार को भी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बम की धमकी से हड़कंप मच गया। इस बार फुकेट से कोलकाता पहुंची इंडिगो की एक उड़ान के शौचालय के आईने पर ‘विमान के अंदर बम है’ लिखी धमकी मिली। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। शुरुआती अनुमान है कि किसी ने जानबूझकर दहशत फैलाने के उद्देश्य से यह संदेश लिखा होगा। सूत्रों के मुताबिक, संदेश लिखने वाले की पहचान के लिए विमान में सवार यात्रियों की सूची खंगाली जा रही है। साथ ही एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। लगातार दो दिनों तक एक ही तरीके से धमकी मिलने के बाद जांचकर्ता इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि कहीं इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है।

शनिवार दोपहर करीब 3 बजे फुकेट से इंडिगो की एक उड़ान कोलकाता पहुंची। विमान के उतरने के बाद जब सभी यात्री बाहर निकल गए, तो केबिन की सफाई के लिए विमानकर्मी अंदर पहुंचे। इसी दौरान विमान के शौचालय की सफाई करते समय उनकी नजर आईने पर लिखे संदेश पर पड़ी। सूत्रों के अनुसार, आईने पर अंग्रेजी में ‘BOMB INSIDE AIRCRAFT’ लिखा हुआ था। इसका अर्थ है कि विमान के अंदर बम रखा है।

संदेश मिलते ही एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर विमान को तत्काल आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों को सूचना दी गई। बम निरोधक दस्ते ने भी विमान की तलाशी ली। हालांकि, खबर लिखे जाने तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।

शुक्रवार को भी मिली थी धमकी

गौरतलब है कि शुक्रवार को भी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बम की धमकी से दहशत फैल गई थी। उस दिन एयरपोर्ट के महिला शौचालय में एक धमकी भरा पत्र मिला था, जिसमें बम रखे होने का दावा किया गया था। जांच के बाद वह धमकी भी फर्जी निकली थी।

लगातार दो दिनों तक धमकी देने के लिए एक ही तरीका अपनाया गया। दोनों ही मामलों में शौचालय में धमकी भरा संदेश मिला। ऐसे में जांचकर्ता किसी संगठित गिरोह की संभावित भूमिका की भी जांच कर रहे हैं।

इससे पहले भी देश के विभिन्न स्कूलों और महत्वपूर्ण इमारतों को बम से उड़ाने की धमकियों के मामलों में संगठित नेटवर्क की भूमिका सामने आई है। करीब दो वर्ष पहले गुजरात के अहमदाबाद में एक साथ कम से कम 14 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। बाद में उस मामले में पाकिस्तान से जुड़े संभावित तारों की ओर भी संकेत मिले थे। हालांकि, कोलकाता एयरपोर्ट के मौजूदा मामले में किसी संगठित गिरोह या विदेशी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। जांचकर्ता सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रहे हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in