

हुगली : हुगली जिले में अन्नपूर्णा भंडार योजना का औपचारिक शुभारंभ विभिन्न ब्लॉकों, नगर निगमों और नगरपालिकाओं में किया गया। पांडुआ में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी खुर्शीद अली कादरी, एडीएम (जी) तरुण भट्टाचार्य तथा पांडुआ के विधायक तुषार मजुमदार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और नेता उपस्थित थे। इस अवसर पर जिले के प्रत्येक नगरपालिका क्षेत्र (यूएलबी) और प्रत्येक ब्लॉक में 100-100 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से योजना के तहत 3,000 रुपये की प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का लाभ लाभार्थियों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाएगा। चांपदानी नगर पालिका, रिसड़ा, बांसबेड़िया सहित विभिन्न नगरपालिकाओं के सभागारों में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 100 महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार योजना के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। पोलबा-दादपुर ब्लॉक में सप्तग्राम के विधायक स्वराज घोष, चांपदानी में स्थानीय विधायक दिलीप सिंह, नगरपालिका के चेयरमैन सुरेश मिश्रा, पार्षद सूरज गुप्ता तथा श्रीरामपुर और रिसड़ा में विधायक भास्कर भट्टाचार्य, पार्षद शशि सिंह झा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की करीब 1.65 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 3,000 रुपये की राशि भेजी गई है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की दिन-रात की मेहनत और समन्वित प्रयासों के कारण यह कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।