अनियंत्रित लॉरी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

डायमंड हार्बर : दक्षिण 24 परगना जिले के मंदिरबाजार थाना अंतर्गत घाटेश्वर ग्राम पंचायत इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा घाटेश्वर स्थित पावर हाउस के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित लॉरी ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान इजाज अहमद पाइक (35) के रूप में हुई है। वह ढोलाहाट थाना क्षेत्र के शंकरपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत शंकरपुर गांव का निवासी था।

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह इजाज अहमद पाइक अपनी बाइक से लालपुर स्थित अपने ससुराल जा रहा था। जैसे ही वह घाटेश्वर ग्राम पंचायत के पावर हाउस के पास पहुंचा, उसी समय पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार लॉरी ने नियंत्रण खो दिया और उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इजाज बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में पड़े युवक को खून से लथपथ हालत में पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही घटनास्थल और अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और भारी तनाव का माहौल बन गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मंदिरबाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डायमंड हार्बर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हादसे में शामिल लॉरी को जब्त कर लिया गया है, लेकिन घटना के बाद से ही लॉरी चालक फरार है।

फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है, वहीं इलाके में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in