डायमंड लेगेसी इवनिंग में अनिता डोंगरे ने भारतीय हस्तशिल्प, महिला सशक्तीकरण और फैशन पर रखे विचार

अनुष्का कालरो के संचालन में हुई परिचर्चा में यश डोंगरे ने ब्रांड के वैश्विक विस्तार की साझा की जानकारी, तीन फैशन कलेक्शन का हुआ प्रदर्शन
Kolkata
डायमंड लेगेसी इवनिंग
Published on: 

कोलकाता : डायमंड लेगेसी इवनिंग में भारत की प्रमुख फैशन डिजाइनर और उद्यमी अनिता डोंगरे ने भारतीय हस्तशिल्प, पारंपरिक कारीगरों के संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को अपने काम का आधार बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत अनिता डोंगरे के परिचय और उनके डिजाइन, शिल्पकला तथा कारीगरों के साथ किए गए कार्यों पर आधारित दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद अनुष्का कालरो के संचालन में परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम के विभिन्न चरणों के बीच तीन फैशन कलेक्शन प्रस्तुत किए गए।

परिचर्चा के दौरान अनिता डोंगरे ने बताया कि उनका काम पारंपरिक कला और कारीगरों को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है। इसके तहत SEWA के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को काम के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।

राजस्थान के चित्रकारों से पिचवाई कला पर आधारित परिधान तैयार कराए जाते हैं, वहीं बनारस के बुनकरों को भी उनके काम के जरिए सहयोग दिया जाता है।

अनिता डोंगरे ने पशु कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर भी प्रकाश डाला। उनके ब्रांड में चमड़े के स्थान पर वीगन विकल्पों को प्राथमिकता दी जाती है। वहीं, ‘रीवाइल्ड’ पहल के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों को आर्थिक सहयोग दिया जाता है।

अपने करियर की शुरुआत और पारिवारिक सहयोग पर चर्चा करते हुए अनिता ने अपनी मां और बहनों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के समर्थन ने उन्हें पारंपरिक सामाजिक मान्यताओं के बीच अपने सपनों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी।

उनके बेटे और कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) यश डोंगरे ने ब्रांड के अंतरराष्ट्रीय विस्तार की जानकारी साझा की। उन्होंने वर्ष 2018 में न्यूयॉर्क के सोहो में फ्लैगशिप स्टोर शुरू किए जाने का उल्लेख करते हुए बताया कि इससे भारतीय शिल्प और डिजाइन को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने में मदद मिली।

परिचर्चा में व्यवसाय के संचालन और रचनात्मकता के बीच तालमेल पर भी बात हुई। जहां अनिता डोंगरे अपने रचनात्मक दृष्टिकोण और सहज समझ के आधार पर फैसले लेती हैं, वहीं यश डोंगरे व्यवसाय के विश्लेषणात्मक पक्ष पर ध्यान देते हैं।

अनिता ने बताया कि पारंपरिक बाजार अनुसंधान पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय उन्होंने अपनी समझ और उद्देश्य के आधार पर ‘ग्लोबल देसी’ सहित विभिन्न ब्रांड विकसित किए।

कार्यक्रम में प्रस्तुत तीनों फैशन कलेक्शन में डिजाइन और शिल्पकला का संगम देखने को मिला। दुबई की ज्वेलरी डिजाइनर पवित गुजराल के आभूषणों ने परिधानों की खूबसूरती को और निखारा।

कार्यक्रम का समापन दर्शकों के सवाल-जवाब, अतिथियों के सम्मान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। वरिष्ठ उपाध्यक्ष ऋतु अलमल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर टी2 की संपादक स्मिता रॉय चौधरी और अध्यक्ष एनू बाला ने मंच पर अतिथि वक्ताओं को सम्मानित किया।

इसके अतिरिक्त, एलएसजी से पिछले कुछ वर्षों से जुड़े दिनेश कुमार पोद्दार को राष्ट्रपति द्वारा प्रकाश व्यवस्था के क्षेत्र में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in