आनंदपुर अग्निकांड में मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख की आर्थिक सहायता

मंत्री फिरहाद हकीम
मंत्री फिरहाद हकीम
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : आनंदपुर स्थित डेकोरेटर्स गोदाम में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राज्य सरकार ने बड़ा राहत कदम उठाया है। इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। राज्य के मंत्री फिरहाद हकीम ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जैसे ही शवों या उनके अवशेषों की पहचान पूरी होगी, संबंधित परिजनों को सहायता राशि का चेक सौंप दिया जाएगा। मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और भयावह है, जिसमें कई निर्दोष लोगों की जान चली गई। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आर्थिक सहायता मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने के बाद ही दी जा सकेगी। फिलहाल पहचान की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण इसमें कुछ समय लग सकता है। मंत्री ने आगे बताया कि अब तक जो शव या जले हुए अवशेष बरामद किए गए हैं, उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। हालांकि उनकी स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा है। इसी वजह से डीएनए जांच की आवश्यकता पड़ रही है। नियमों के अनुसार डीएनए जांच कराने से पहले अदालत से अनुमति लेना अनिवार्य होता है। पुलिस प्रशासन बुधवार को इस अनुमति के लिए अदालत का रुख करेगा। इस अग्निकांड के बाद से इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। कई श्रमिक अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी गुमशुदगी की शिकायतें नरेंद्रपुर थाने में दर्ज कराई गई हैं। दमकल और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है। सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया है कि जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार अपने प्रियजनों की पहचान और अंतिम संस्कार के इंतजार में बेसब्री से प्रशासन की ओर देख रहे हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in