

कोलकाता : मिर्गी यानी एपिलेप्सी के प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों, डर और भेदभाव को दूर करने के उद्देश्य से मणिपाल हॉस्पिटल, ईएम बाईपास की ओर से नेशनल एपिलेप्सी डे के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘अनुभवों की कहानियों से जागरूकता की पहल’ शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सकों के साथ मरीजों और उनके परिजनों के अनुभवों को भी सामने रखा गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि मिर्गी केवल अचानक जमीन पर गिरने और शरीर पर नियंत्रण खोने तक सीमित नहीं है। कुछ समय तक एकटक देखना, अस्थायी भ्रम, असामान्य संवेदनाएं और अनैच्छिक गतिविधियां भी इसके लक्षण हो सकते हैं। समय पर पहचान और उचित उपचार से मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं।
कार्यक्रम में मुर्शिदाबाद के पांच वर्षीय रोहित पाल (बदला हुआ नाम) का उदाहरण प्रस्तुत किया गया। बार-बार उल्टी और चक्कर आने के बाद उसे दौरे पड़ने लगे और वह चलने-फिरने में भी असमर्थ हो गया। समय पर चिकित्सा और निरंतर देखभाल से उसकी स्थिति में सुधार हुआ। अब वह स्कूल जा रहा है और खेलकूद सहित अन्य गतिविधियों में हिस्सा ले रहा है। उसके पिता गौरव पाल (बदला हुआ नाम) ने उपचार के अनुभव साझा किए।
मणिपाल हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट एवं न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अम्लान मंडल ने शुरुआती लक्षणों की पहचान और चिकित्सकीय जांच को महत्वपूर्ण बताया। डॉ. पियाली सरकार ने कहा कि मिर्गी संक्रामक बीमारी नहीं है और मरीजों को शिक्षा, रोजगार तथा सामाजिक जीवन में समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने महिला मरीजों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने की अपील की।
एसोसिएट कंसल्टेंट डॉ. भास्वर भट्टाचार्य ने दौरे के दौरान प्राथमिक सहायता की जानकारी देते हुए कहा कि मरीज को सुरक्षित रखें, सिर के नीचे मुलायम वस्तु रखें और संभव हो तो करवट से लिटाएं। उसे जबरदस्ती न पकड़ें और मुंह में कोई वस्तु न डालें। दौरा पांच मिनट या अधिक जारी रहने पर तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सहायता लें। विशेषज्ञों ने नियमित दवा सेवन और डॉक्टर की सलाह के बिना उपचार बंद नहीं करने पर भी जोर दिया।