

दक्षिण 24 परगना: आमतला मोड़ को जाममुक्त कराने की मांग को लेकर भाजपा नेता अभिजीत दास उर्फ बाबी के नेतृत्व में रविवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान करीब दो किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई, जिसमें भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान भाजपा नेता अभिजीत दास ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर रोड से सटे आमतला चौराहे पर ऑटो, टोटो तथा अवैध दुकानदारों के कब्जे के कारण प्रतिदिन यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। सड़क पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जाम और अव्यवस्थित यातायात के कारण क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इससे कई लोग इस इलाके में आने से भी परहेज करने लगे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु करने की मांग की। अभिजीत दास ने प्रशासन को सात दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में भाजपा की ओर से जोरदार आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा नेता सुफल घंटू समेत पार्टी के कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।