सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को श्री विजयपुरम स्थित नेताजी स्टेडियम में आयोजित समारोह में अंडमान एवं निकोबार प्रशासन की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, सांसद बिष्णु पद रे, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल एवं द्वीप विकास एजेंसी के उपाध्यक्ष एडमिरल (सेवानिवृत्त) डी. के. जोशी, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, मुख्य सचिव डॉ. चंद्र भूषण कुमार, पुलिस महानिदेशक हरगोबिंदर सिंह ढिल्लों सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह भारत के स्वतंत्रता संग्राम का सजीव साक्षी रहा है। सेल्युलर जेल की धरती पर अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने अमानवीय यातनाएं सहकर अपने प्राण न्यौछावर किए। वीर सावरकर स्मारक और सेल्युलर जेल में प्रज्वलित अमर ज्योति देश और दुनिया को इन बलिदानों की याद दिलाती है। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने इसी भूमि पर स्वतंत्र भारत का पहला तिरंगा फहराया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके सम्मान में द्वीपों का नाम शहीद और स्वराज रखा। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह को रणनीतिक, आर्थिक और विकास के नए केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि एक ही दिन में लगभग 373 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इनमें 229 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, 33 करोड़ रुपये की लागत से जिला अस्पताल का प्रथम चरण, फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला तथा अन्य योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से द्वीपसमूह के विकास में एक नया अध्याय शुरू हुआ है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन, मत्स्य, कृषि, एमएसएमई, स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण जैसे सभी क्षेत्रों में विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। ग्रेट निकोबार परियोजना के पूरा होने से यह द्वीपसमूह वैश्विक व्यापार और रणनीतिक सुरक्षा के मानचित्र पर महत्वपूर्ण स्थान हासिल करेगा। श्री अमित शाह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग से ही विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक को संकल्प लेना होगा।