

कोलकाता (आलमबाजार) : कोलकाता के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री श्याम मंदिर आलमबाजार में शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में भव्य श्री एकादशी कीर्तन, नानी बाई का मायरा एवं श्री श्याम जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। पूरा मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों, भजनों और भक्तिमय संगीत से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की और बाबा श्याम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।
आयोजन का प्रमुख आकर्षण कथा वाचिका राधा श्री जी द्वारा प्रस्तुत नानी बाई का मायरा रहा। उन्होंने अपनी भावपूर्ण एवं संगीतमय कथा प्रस्तुति के माध्यम से नरसी भगत की भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा, विश्वास और समर्पण का मार्मिक वर्णन किया। कथा के दौरान नानी बाई के मायरे के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा में यह संदेश दिया गया कि सच्चे मन से भगवान पर विश्वास रखने वाले भक्तों की लाज स्वयं भगवान रखते हैं। नरसी भगत की भक्ति और भगवान श्री श्याम की कृपा का प्रसंग भक्तों के लिए विशेष आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र बना।
श्री एकादशी कीर्तन के दौरान भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने भजनों के माध्यम से बाबा श्याम का गुणगान किया। वहीं श्री श्याम जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर श्री श्याम अग्रवाल, कुमार राज , डोली अग्रवाल एवं पुष्पा शॉ ने बाबा श्याम के सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उनके भजनों पर भक्तजन भक्ति भाव में झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा। जन्मोत्सव का यह भक्तिमय वातावरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आनंद और आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर बना।
इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम अग्रवाल जी का विशेष योगदान एवं सराहनीय सहयोग रहा। उनके सहयोग से आयोजन को विशेष गरिमा प्राप्त हुई। साथ ही उनके द्वारा संचालित संस्था 'प्रयास' का भी आयोजन में विशेष सहयोग रहा। मंदिर परिवार ने उनके इस योगदान एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।इस पावन अवसर पर अनेक विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में महेंद्र अग्रवाल, दिनेश गोयल, विनोद केड़िया, श्री भगवान दास अग्रवाल, राजेंद्र सुल्तानिया, रामनरेश अग्रवाल, प्रकाश मुसद्दी, पवन चौधरी, सुशीला चौधरी, निर्मल खड़खड़िया एवं अभिषेक अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन की सराहना की तथा मंदिर की आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के प्रति अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने आयोजन की भव्यता, भक्तिमय वातावरण एवं सेवा कार्यों की सराहना करते हुए मंदिर परिवार के प्रयासों की प्रशंसा की।
धर्म के साथ सेवा का भी संकल्प
श्री श्याम मंदिर आलमबाजार केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों के माध्यम से मानव कल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। मंदिर की ओर से धार्मिक आयोजनों, भजन-कीर्तन, कथा, जरूरतमंदों के लिए भोजन सेवा तथा विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यक्रमों का संचालन किया जाता है। मंदिर परिवार का उद्देश्य भक्ति, सेवा और सामाजिक सद्भाव की भावना को निरंतर आगे बढ़ाना है।
कोलकाता का खाटू धाम कहे जाने वाले श्री श्याम मंदिर आलमबाजार में आयोजित इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम ने एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और सामूहिक सहभागिता की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की। देश-विदेश में बसे बाबा श्याम के भक्तों के लिए यह आयोजन आस्था और आध्यात्मिक आनंद का विशेष अवसर बना।
द्वादशी पर बाबा श्याम की ज्योत एवं संध्या में भव्य कीर्तन
मंदिर में द्वादशी के पावन अवसर पर शनिवार को प्रातः 7 बजे से 10 बजे तक बाबा श्याम की पावन ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। वहीं संध्या बेला में भव्य कीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत भजनों के माध्यम से श्रद्धालु बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। मंदिर परिवार की ओर से सभी श्रद्धालुओं से इन पावन धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।