

कोलकाता : भारतीय इंजीनियरिंग विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईईएसटी), शिबपुर ने अपने 1975 बैच के पूर्व छात्रों के साथ परिसर में पर्यावरण अनुकूल एवं सुगम आवागमन व्यवस्था विकसित करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इसके तहत पूर्व छात्रों ने आठ सीटों वाली बैटरी चालित इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट की खरीद के लिए पांच लाख रुपये का स्वैच्छिक योगदान देने का संकल्प लिया है। इसमें चार्जिंग व्यवस्था एवं सुरक्षा उपकरण भी शामिल होंगे। संस्थान को उपलब्ध कराई जाने वाली यह गाड़ी विशाल परिसर में आवागमन को सुविधाजनक बनाएगी।
विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, आगंतुकों एवं विशिष्ट अतिथियों को इसका लाभ मिलेगा। वाहन की खरीद, वैधानिक प्रक्रियाओं, संचालन एवं नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी संस्थान की होगी। इस अवसर पर आईआईईएसटी के निदेशक प्रो. वी.एस.एम.आर. मूर्ति, योजना एवं विकास की डीन प्रो. अपर्णा (डे) घोष तथा 1975 बैच के पूर्व छात्रों का प्रतिनिधिमंडल उपस्थित रहा।
संस्थान के अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं पूर्व छात्र मामलों के डीन प्रो. अनिर्बान गुप्ता ने पूर्व छात्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल परिसर को पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ-साथ दिव्यांगों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक और समावेशी बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।