फाइल फोटो
फाइल फोटो

अल्ट्रावायलेट किरणों को भी चकमा देने वाले चेक से 4.90 लाख की ठगी

Published on: 

बड़ाबाजार से शातिर जालसाज गिरफ्तार

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

चेक में जालसाजी कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय जालसाज को बड़ाबाजार थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान झारखंड निवासी बिनोद कुमार पांडे के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, चालू महीने में आरोपी बिनोद कुमार पांडे ने बड़ाबाजार स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा में एक फर्जी चेक जमा कराया था। आरोपी ने चेक में जालसाजी इतने शातिराना अंदाज में की थी कि बैंक की अल्ट्रावायलेट किरणों की जांच मशीन भी इसे पकड़ नहीं सकी। चेक को असली मानकर बैंक प्रबंधन ने 4.90 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए।बाद में जब मूल खाताधारक को अपने खाते से रुपये कटने की भनक लगी, तो उसने तुरंत बैंक में शिकायत दर्ज कराई। बैंक प्रबंधन द्वारा की गई आंतरिक जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि होने के बाद बड़ाबाजार थाने में मामला दर्ज कराया गया। मामले की जांच में जुटी बड़ाबाजार थाना पुलिस ने पाया कि इस पूरी साजिश के पीछे बिनोद कुमार पांडे का हाथ है। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को सियालदह स्थित एक बैंक के भीतर से रंगे हाथों धर दबोचा, जहां वह एक और फर्जी चेक भुनाने के फिराक में पहुंचा था। पुलिस ने फर्जी चेक को जब्त कर लिया है।शनिवार को बड़ाबाजार थाना पुलिस ने आरोपी को बैंकशॉल अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने दलील दी कि इस फर्जीवाड़े की गहराई से जांच और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए आरोपी की पुलिस हिरासत बेहद जरूरी है। अदालत ने सरकारी पक्ष की दलीलों को स्वीकार करते हुए आरोपी बिनोद कुमार पांडे को 8 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस रैकेट में शामिल उसके साथियों की तलाश कर रही है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in