बेहाला में देर रात तेज आवाज में संगीत बजाने का विरोध, हुई मारपीट

रात डेढ़ बजे शोर का विरोध करने पर हुई मारपीट, तीन आरोपी हिरासत में
Kolkata
शोर का विरोध करने पर हुई मारपीट
Published on

कोलकाता : बेहाला चौरस्ता के निकट संजीब पल्ली इलाके में रविवार देर रात तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देर रात शोर-शराबे का विरोध करने पर स्थानीय युवक और उसकी मां पर कथित रूप से हमला किया गया।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 1.30 बजे की है। जब परिवहन कंपनी में कार्यरत स्थानीय निवासी ने पड़ोस में तेज आवाज में बज रहे संगीत और हो रहे हंगामे पर आपत्ति जताई।

आरोप है कि विरोध करने पर कुछ स्थानीय युवकों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने पहुंची उसकी 48 वर्षीय मां पर भी हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, महिला को घसीटा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि इलाके में आयोजित पार्टी के दौरान देर रात तक ऊंची आवाज में संगीत बजाया जा रहा था, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही पर्णश्री थाने की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया तथा सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजाना और सार्वजनिक शांति भंग करना लगातार चिंता का विषय बनता जा रहा है।

उन्होंने प्रशासन से ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का सख्ती से पालन कराने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in