

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: अलीपुर स्थित नव प्रशासनिक भवन में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भवन के वन विभाग के एक विभाग अचानक भीषण आग लग गई। सुबह के समय आग की लपटें और धुआं उठता देख वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों में हड़कंप मच गया। तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान पूरे इलाके को एहतियातन खाली कराया गया, ताकि किसी तरह की जान-माल की हानि न हो। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने से विभाग के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। दमकल विभाग के प्रारंभिक जांच के अनुसार आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद प्रशासनिक भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।