दुर्गापूजा से पहले होटल बुकिंग को लेकर अलर्ट जारी

साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
Kolkata
होटल बुकिंग को लेकर अलर्ट जारी Yuri Arcurs
Published on

कोलकाता : दुर्गापूजा के दौरान पश्चिम बंगाल, खासकर कोलकाता में बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। इस दौरान होटल और गेस्ट हाउस की मांग बढ़ने के साथ ऑनलाइन होटल बुकिंग से जुड़ी साइबर ठगी के मामले भी सामने आते हैं।

इसे देखते हुए कोलकाता पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर होटल बुकिंग के समय सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, साइबर ठग फर्जी होटल वेबसाइट, नकली सोशल मीडिया पेज और व्हाट्सऐप नंबर के जरिए सस्ते कमरे का लालच देकर लोगों से एडवांस भुगतान करा लेते हैं।

कई मामलों में भुगतान के बाद ठग संपर्क तोड़ देते हैं, जबकि कुछ मामलों में फर्जी बुकिंग कन्फर्मेशन भेजकर भी लोगों को धोखा दिया जाता है। होटल पहुंचने पर पर्यटकों को पता चलता है कि उनके नाम से कोई बुकिंग ही नहीं है।

पुलिस ने सलाह दी है कि होटल की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल के माध्यम से ही करें। किसी अनजान बैंक खाते या यूपीआई आईडी पर एडवांस भुगतान न करें।

बुकिंग से पहले होटल का पता, संपर्क नंबर और ग्राहक समीक्षाओं की जांच जरूर करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें।

यदि होटल बुकिंग के नाम पर ठगी होती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत करें। पुलिस का कहना है कि समय पर शिकायत करने से ठगी गई रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in