अखिलेश यादव का प्रदेश सरकार पर हमला

बोले- सपा सरकार बनी तो 26000 बंद स्कूल फिर खोले जाएंगे
Lucknow
अखिलेश यादव सपा मुख्यालय में
Published on

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को सपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में जिन सरकारी स्कूलों को बंद किया गया है, सपा की सरकार बनने पर उन्हें दोबारा शुरू कराया जाएगा।

अखिलेश ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पीडीए समाज के बड़ी संख्या में बच्चे शिक्षा हासिल करते हैं। सपा सरकार बनने पर पीडीए समाज को उसकी आबादी के अनुपात में अधिकार और भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।


रोजगार और विभागों के ऑडिट का किया वादा

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक लाख नौकरियां देने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के पास अब ज्यादा समय नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का ऑडिट कराया जाएगा और यह सामने लाया जाएगा कि विभाग में कितना भ्रष्टाचार हुआ है।

उन्होंने प्रदेश की खराब सड़कों और गड्ढों का मुद्दा भी उठाया। साथ ही सिंचाई विभाग में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की बात कही।

कानून व्यवस्था और महंगाई पर सरकार को घेरा

अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उनका दावा है कि दूसरे राज्यों के अपराधी उत्तर प्रदेश में वारदात करने पहुंच रहे हैं, जबकि सरकार प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने भाजपा पर भ्रष्टाचार और धार्मिक स्थलों से जुड़े धन में भी अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए।

महंगाई का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि जनता को मिलावटी पेट्रोल मिल रहा है और त्योहारों के दौरान चीनी के दाम बढ़ा दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव का इंतजार कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in