विश्वकर्मा पूजा से पहले श्रीरामपुर की धागा फैक्ट्री में भीषण आग, सब कुछ राख

श्रीरामपुर के धागा फैक्ट्री में लगी भयावह आग
श्रीरामपुर के धागा फैक्ट्री में लगी भयावह आग
Published on

हुगली : श्रीरामपुर में विश्वकर्मा पूजा की तैयारियों के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। भट्टाचार्य गार्डन क्षेत्र के सरदार पाड़ा इलाके में स्थित एक पुराने धागे के कारखाने में मंगलवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरी फैक्ट्री जलकर खाक हो गई। इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, फैक्ट्री में विश्वकर्मा पूजा के मद्देनजर सफाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आशंका जताई जा रही है कि आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। कारखाने में मौजूद कुछ श्रमिकों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि वह जल्द ही पूरी फैक्ट्री में फैल गई। आग की लपटें और धुएं के कारण पास-पड़ोस के लोगों में भी दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, राज्यधरपुर पंचायत के प्रतिनिधि और श्रीरामपुर थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुँच गई और स्थिति का जायजा लिया। इस आगजनी की घटना में फैक्ट्री का सारा सामान, मशीनें, और कच्चा माल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस दुर्घटना में लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई। लेकिन फैक्ट्री के मालिक और कर्मचारियों के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है, खासकर जब विश्वकर्मा पूजा जैसे उत्सव के ठीक पहले यह हादसा हुआ है।प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और अग्निकांड के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है। हालांकि इस आग लगी में कोई हताहत नहीं हुए है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in