नेपाल बाढ़ त्रासदी बेहद दर्दनाक: अग्निमित्रा पाल

मंत्री अग्निमित्रा पाल और केएमसी की कमिश्नर स्मिता पांडे की तस्वीर
मंत्री अग्निमित्रा पाल और केएमसी की कमिश्नर स्मिता पांडे की तस्वीर
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: नेपाल में आई बाढ़ त्रासदी को लेकर भाजपा नेत्री अग्निमित्रा पाल ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि नेपाल में हुई बाढ़ की घटना बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। इस प्राकृतिक आपदा में कई लोगों की जान चली गई है, जबकि बंगाल समेत भारत के विभिन्न राज्यों से नेपाल गए कई लोगों के लापता होने की खबरें सामने आ रही हैं। अग्निमित्रा पाल ने कहा कि लापता लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए भारत सरकार तथा पश्चिम बंगाल सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। सरकार की ओर से संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर राहत एवं बचाव कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के कारण प्राकृतिक आपदाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने और पर्यावरणीय असंतुलन का असर हिमालयी क्षेत्रों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के साथ छेड़छाड़ और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण ऐसी घटनाओं की गंभीरता बढ़ सकती है। अग्निमित्रा पाल ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अनावश्यक रूप से पेड़ों की कटाई से बचना चाहिए और अधिक से अधिक पौधे लगाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा से ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखा जा सकता है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in