मंत्री अग्निमित्रा पाल ने शुरू किया डेंगू के खिलाफ KMC-मेट्रो का संयुक्त अभियान

कार्यक्रम के दौरान मौजूद मंत्री अग्निमित्रा पाल और साथ में हैं केएमसी की कमिश्नर स्मिता पांडे व अन्य
कार्यक्रम के दौरान मौजूद मंत्री अग्निमित्रा पाल और साथ में हैं केएमसी की कमिश्नर स्मिता पांडे व अन्य
Published on

कोलकाता : डेंगू के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने एस्पलानेड मेट्रो स्टेशन से KMC और मेट्रो प्रशासन के संयुक्त डेंगू रोधी अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर KMC प्रशासक एवं कमिश्नर स्मिता पांडे तथा मेट्रो की ओर से PCMO डॉ. रीना मुखर्जी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अभियान के तहत मेट्रो स्टेशनों, दक्षिण-पूर्व रेलवे के स्टेशनों, कार शेड और रेलवे के आवासीय क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई के साथ मच्छर नियंत्रण के उपाय किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान 3 सितंबर तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट करना और डेंगू के प्रसार पर प्रभावी रोक लगाना है। अधिकारियों ने कहा कि डेंगू नियंत्रण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए आम लोगों की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता भी जरूरी है। लोगों से अपील की गई है कि वे घरों में गमलों, टब या अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने दें। पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने के साथ उन्हें ढककर रखने की भी सलाह दी गई है। निर्माण स्थलों पर भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। अधिकारियों ने निर्माण सामग्री, मलबे और कचरे के बीच पानी जमा न होने देने की अपील की। साथ ही खाली जमीन पर झाड़ियां और जलजमाव छोड़ने वाले भू-स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि डेंगू की रोकथाम में सरकारी एजेंसियों के साथ आम लोगों की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in