

भागते वक्त बाहर से दरवाजा किया बंद
दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बड़ाबाजार के पोस्ता थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी के ऑफिस से 1.30 करोड़ रुपये की डकैती के मामले में 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। कॉटन स्ट्रीट स्थित एक इमारत के प्रथम तल्ले पर बुधवार की शाम हुई इस वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए कोलकाता पुलिस के एंटी डकैती सेक्शन और डीडी की टीमें जांच में जुटी हैं। हालांकि, पुलिस को अब तक लुटेरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
शाम 5.30 बजे ऑफिस में घुसे थे तीन लुटेरे
पुलिस सूत्रों के मुताबिक बुधवार शाम करीब 5.30 बजे तीन युवक 119, कॉटन स्ट्रीट स्थित इमारत में पहुंचे। तीनों सीधे पहली मंजिल पर मौजूद ऑफिस में घुसे। आरोप है कि अंदर प्रवेश करते ही तीनों ने हथियार दिखाकर ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके बाद लुटेरों ने कर्मचारियों को डराकर ऑफिस में रखे 1.30 करोड़ रुपये अपने कब्जे में ले लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी ऑफिस से बाहर निकले और फरार हो गए।
भागते वक्त बाहर से बंद कर दिया ऑफिस का दरवाजा
जांच में पुलिस के सामने एक और अहम सवाल खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि लुटेरे फरार होते समय ऑफिस का दरवाजा बाहर से बंद कर गए थे। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इसके बाद ऑफिस का दरवाजा किसने खोला? घटना के वक्त ऑफिस में मौजूद कर्मचारी इस सवाल का स्पष्ट जवाब पुलिस को नहीं दे सके हैं। पुलिस अब इसी बिंदु को जांच का अहम हिस्सा मानकर आगे बढ़ रही है। यही नहीं बगल के ऑफिस में मौजूद लोगों को घटना की भनक तक नहीं लगी।
कर्मचारियों के बयान से पुलिस भी उलझन में
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के समय ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों के बयान पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। उनके बयानों में कथित तौर पर कुछ विरोधाभास भी सामने आए हैं। यही वजह है कि पुलिस वारदात की पूरी कड़ी को दोबारा जोड़ने की कोशिश कर रही है। जांच के दौरान पुलिस ने पाया है कि ऑफिस में कुल तीन लुटेरे पहुंचे थे। इनमें से एक ने टोपी पहन रखी थी, जबकि बाकी दो बिना टोपी के थे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद पोस्ता थाने की पुलिस और डीडी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए। पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि लुटेरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सके। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किस वाहन से आए थे और वारदात के बाद किस दिशा में भागे।