फर्जी पहचान पत्र बनाकर 5 साल से कोलकाता में रह रहा था अफगान नागरिक, गिरफ्तार

तीन महीने के वीजा पर आया था भारत, अवधि खत्म होने के बाद भी नहीं लौटा
 फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

भवानीपुर थाना इलाके की घटना

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : फर्जी पहचान पत्र के जरिए करीब 5 साल तक अवैध रूप से कोलकाता में रहने के आरोप में एक अफगान नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जमील खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जमील खान फरवरी 2021 में तीन महीने के वीजा पर भारत आया था। मई 2021 में उसके वीजा की अवधि समाप्त हो गई, लेकिन वह अफगानिस्तान नहीं लौटा। आरोप है कि इसके बाद वह शहर में रह रहे कुछ अन्य अफगान नागरिकों के संपर्क में आकर अवैध रूप से कोलकाता में रहने लगा। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी ने अपने अभिभावकों की कथित फर्जी पहचान के आधार पर जाली आधार कार्ड बनवाया था। इसके बाद उसने उसी आधार पर फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस भी तैयार कर लिया। हालांकि, उसके पास अफगानिस्तान का पासपोर्ट मौजूद था। पुलिस का कहना है कि जमील पिछले पांच वर्षों से कोलकाता में रहकर कारोबार भी कर रहा था। हाल ही में पासपोर्ट और वीजा से जुड़े दस्तावेजों की जांच के दौरान कोलकाता पुलिस के सिक्योरिटी कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन को उसके बारे में जानकारी मिली। एससीओ अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच के बाद जमील खान को पूछताछ के लिए बुलाया। जांच में उसके लंबे समय से अवैध रूप से भारत में रहने के प्रमाण मिलने के बाद उसके खिलाफ भवानीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद भवानीपुर थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इसी तरह अन्य अफगान नागरिक भी फर्जी दस्तावेजों के सहारे कोलकाता में अवैध रूप से रह रहे हैं। इसके लिए जांच का दायरा बढ़ाया गया है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in