कांग्रेस नेता अधीर ने नाजीराबाद घटनास्थल का दौरा किया, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी ने मंगलवार को नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र के नाजीराबाद आनंदपुर इलाके का दौरा किया, जहाँ हाल ही में भीषण आग की घटना में 27 लोगों की मौत हो गई थी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अधीर रंजन चौधरी ने राज्य सरकार और प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने जांच की मांग की। गौरतलब है कि 26 जनवरी की सुबह नाजीराबाद आनंदपुर इलाके में स्थित दो गोदामों में अचानक भीषण आग लग गई थी। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही समय में पूरे गोदाम इसकी चपेट में आ गए। आग बुझाने के बाद मौके से कुल 27 शव बरामद किए गए, जिनमें अधिकांश मृतक पूर्व और पश्चिम मिदनापुर जिलों के निवासी बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग काम की तलाश में कोलकाता आए थे और गोदाम परिसर में ही रह रहे थे। घटनास्थल पर मीडिया से बातचीत करते हुए अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यह घटना राज्य सरकार की सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा मानकों की गंभीर लापरवाही को उजागर करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना किसी उचित सुरक्षा व्यवस्था के गोदामों में लोगों को कैसे रहने दिया गया। अधीर ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की जांच की होती, तो इतनी बड़ी त्रासदी को रोका जा सकता था। उन्होंने मांग की कि इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को उचित मुआवजा और न्याय दिया जाए। साथ ही, इस मामले में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। अधीर रंजन चौधरी ने यह भी कहा कि सरकार को भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने होंगे। घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आग लगने के कारणों की गहन जांच कर रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in