गरीबों की परीक्षा ले रही है सरकार : अधीर चौधरी

अन्नपूर्णा योजना के फॉर्म विवाद पर सरकार को घेरा
अधीर रंजन चौधरी
अधीर रंजन चौधरी
Published on

कोलकाता : राज्य सरकार की नयी महत्वाकांक्षी ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना के 12 पन्नों वाले फॉर्म को लेकर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे किये गये थे, लेकिन सत्ता में आते ही आम लोगों को जटिल प्रक्रियाओं में उलझाया जा रहा है।

अधीर चौधरी ने कहा, “चुनाव से पहले किसी ने नहीं बताया था कि 12 पन्नों का इतना बड़ा फॉर्म भरना पड़ेगा। अब हालात ऐसे हैं, मानो गरीब और ग्रामीण महिलाओं को सीबीएसई या नीट की परीक्षा देनी पड़ रही हो।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर प्रक्रिया को कठिन बना रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना के लाभ से वंचित रखा जा सके।

उन्होंने ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में भी जनकल्याणकारी योजनाएं सफलतापूर्वक चलती रही हैं, लेकिन वहां कभी लोगों को डराने या जटिल शर्तों में फंसाने की राजनीति नहीं हुई। इसी दौरान अधीर चौधरी ने बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा, “तीन बार से केंद्र में आपकी सरकार है, सारे हथियार और औजार आपके पास हैं, फिर इतने दिनों तक बांग्लादेशियों को बाहर निकालने से किसने रोका था?” उन्होंने केंद्र सरकार से श्वेतपत्र जारी कर देश में कथित घुसपैठियों की वास्तविक संख्या सार्वजनिक करने की मांग की।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in