गुरु नानक जयंती पर कोलकाता मेट्रो की अतिरिक्त सेवा, सोमवार और मंगलवार रात 10:50 बजे चलेगी विशेष ट्रेन

ब्लू लाइन पर निर्धारित समय के बाद भी एक जोड़ी विशेष मेट्रो चलेगी, दमदम और शहीद खुदीराम स्टेशन से मिलेगी यह सुविधा
Kolkata
मेट्रो की अतिरिक्त सेवा
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : गुरु नानक जयंती के अवसर पर कोलकाता मेट्रो रेल प्रशासन ने यात्रियों के लिए विशेष सेवा शुरू करने का फैसला किया है। त्योहार को ध्यान में रखते हुए आगामी सोमवार और मंगलवार को ब्लू लाइन पर रात के निर्धारित समय के बाद भी अतिरिक्त मेट्रो चलाई जाएगी। इससे देर रात यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

आमतौर पर ब्लू लाइन पर आखिरी मेट्रो रात 10:30 बजे रवाना होती है। लेकिन विशेष व्यवस्था के तहत सोमवार और मंगलवार को रात 10:50 बजे अतिरिक्त मेट्रो चलाई जाएगी। दमदम और शहीद खुदीराम, दोनों स्टेशनों से एक-एक विशेष मेट्रो रवाना होगी। इस तरह दोनों दिनों में यात्रियों को एक जोड़ी अतिरिक्त मेट्रो सेवा मिलेगी।

गुरु नानक जयंती पर ब्लू लाइन पर चलेंगी 254 मेट्रो

आगामी मंगलवार को गुरु नानक जयंती के अवसर पर ब्लू लाइन पर कुल 254 मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। अप और डाउन, दोनों दिशाओं में 127-127 मेट्रो चलाई जाएंगी। इसमें रात की विशेष मेट्रो सेवा भी शामिल है। हालांकि, दिन की पहली मेट्रो के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

ग्रीन और येलो लाइन पर भी विशेष व्यवस्था

मंगलवार को ग्रीन लाइन पर कुल 212 मेट्रो चलेंगी। दोनों दिशाओं में 106-106 ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी। वहीं, येलो लाइन पर अप और डाउन मिलाकर कुल 92 मेट्रो सेवाएं संचालित होंगी। दूसरी ओर, पर्पल और ऑरेंज लाइन पर सामान्य दिनों की तरह ही मेट्रो सेवा जारी रहेगी।

गौरतलब है कि दुर्गापूजा और कालीपूजा के दौरान भी यात्रियों की सुविधा के लिए ब्लू और ग्रीन लाइन पर अतिरिक्त रात्रिकालीन मेट्रो चलाई गई थीं। अब गुरु नानक जयंती के अवसर पर भी मेट्रो प्रशासन ने इसी तरह की विशेष व्यवस्था की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News