

कोलकाता : इकबालपुर थाना क्षेत्र के एक युवक पर लगभग आठ साल पहले अपनी प्रेमिका से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा था। शादी का वादा कर युवती के साथ धोखा करने के बाद वह विदेश भाग गया था। लंबे समय तक लंदन में छिपे रहने के बाद जब उसे लगा कि मामला ठंडा पड़ गया है, तो वह भारत लौटा लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पर ही उसे पुलिस ने दबोच लिया।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपित का नाम शेख शोएब है, जो मूल रूप से कोलकाता के इकबालपुर इलाके का निवासी है। करीब आठ साल पहले उसकी मुलाकात दक्षिण 24 परगना के बजबज क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। आरोप है कि शोएब ने युवती को शादी का झांसा देकर कई बार अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उससे बलात्कार किया।
जब पीड़िता ने शादी की बात जोर देकर उठाई, तो शोएब बचने लगा। इसी बीच उसे लंदन में एक परिचित के माध्यम से नौकरी मिल गई। उसने युवती को किसी तरह की जानकारी दिए बिना अचानक लंदन के लिए प्रस्थान कर दिया।
युवती को जब पता चला कि उसका प्रेमी विदेश भाग गया है, तो उसने सबसे पहले बजबज पुलिस स्टेशन में बलात्कार की शिकायत दर्ज कराई। आरोपित के खिलाफ वारंट जारी होने के बावजूद उसे पकड़ा नहीं जा सका। विदेश में होने के कारण पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (लुकआउट नोटिस) जारी कर दिया था। सात-आठ साल लंदन में बिताने के बाद शोएब को विश्वास हो गया कि अब मामला बंद हो चुका है। वह रविवार की रात लंदन से मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचा लेकिन एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन चेक के दौरान लुकआउट नोटिस के चलते उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
मुंबई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोलकाता पुलिस को सूचना दी। इकबालपुर थाने के अधिकारी सोमवार को मुंबई पहुंचे और आरोपित को कोलकाता ले आये। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।