व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर 18 लाख रुपये ठगी का आरोप

Cyber crime image
सांकेतिक चित्र
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : शेक्सपियर सरणी थाना इलाके में साइबर जालसाजों ने एक युवक के व्हाट्सऐप अकाउंट का कथित तौर पर दुरुपयोग कर उससे करीब 18 लाख रुपये की ठगी किए जाने का आरोप है। घटना को लेकर पीड़ित युवक ने 29 अगस्त को शेक्सपियर सरणी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आनंदपुर स्थित एक नामी आवासन के निवासी उक्त युवक का व्हाट्सऐप अकाउंट 28 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे कथित तौर पर हैक कर लिया गया था। आरोप है कि जालसाजों ने उनकी प्रोफाइल तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए एक अन्य मोबाइल नंबर से उनसे संपर्क किया। आरोप है कि जालसाजों ने व्हाट्सऐप के जरिए पीड़ित को भरोसे में लिया और उनसे करीब 18 लाख रुपये का लेन-देन करा लिया। शिकायत में बताया गया है कि रकम मेसर्स फोरेक्स ग्राफिक्स ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कोचीन, केरल स्थित एक बैंक खाते में ट्रांसफर की गई। अनधिकृत लेन-देन की जानकारी मिलने के बाद युवक ने अपने बैंक की शाखा से संपर्क किया। उन्होंने संबंधित खाते को तत्काल फ्रीज करने के साथ लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य जरूरी विवरण सुरक्षित रखने का अनुरोध किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in