40 मौतों पर जवाबदेही तय हो : अभिषेक

विपक्ष ड्रामा नहीं कर रहा है जवाबदेही चाहिए केंद्र सरकार बंगाल के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है बंगाल का करीब 2 लाख करोड़ रुपये का बकाया रोक रखा है हम SIR प्रक्रिया लागू करने के तरीके के खिलाफ हैं
सांसद अभिषेक बनर्जी
सांसद अभिषेक बनर्जी
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

महेशतल्ला : डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने महेशतल्ला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बाटानगर के न्यूलैंड मैदान और चकचांदुल रथतल्ला में सेवाश्रय-2 कैंप के शुभारंभ के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘ड्रामा’ वाली टिप्पणी पर करारा पलटवार किया। सांसद ने कहा कि विपक्ष जो माँग कर रहा है, वह केवल SIR पर खुली बहस है। क्या बहस की माँग करना ड्रामा है? यदि जनता की आवाज को उठाना ड्रामा है, तो इसका जवाब देश की जनता अगले चुनाव में देगी। सांसद ने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान अब तक 40 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें कई BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) भी शामिल हैं। इसके लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, लेकिन सरकार की जवाबदेही कहाँ है? नोटबंदी का जिक्र करते हुए अभिषेक ने कहा कि 8-9 साल पहले लोग घंटों लाइन में खड़े रहे, फिर भी काले धन का प्रवाह रुकने की बजाय और बढ़ गया। इसकी जवाबदेही कौन लेगा? देश की राजधानी दिल्ली में हाल में विस्फोट हुए हैं, आतंकी घुसपैठ बढ़ रही है। इसकी जवाबदेही कौन लेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि SIR की खराब योजना और अव्यवस्था के कारण 40 लोगों की जानें चली गईं, फिर भी भाजपा इसे ‘ड्रामा’ बता रही है। उन्होंने स्पष्ट किया, “हम SIR के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि इसे लागू करने के तरीके के खिलाफ हैं।” उनका कहना था कि चुनाव आयोग ने BLO को पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं दिया, मतदाता सूची की खामियों को दूर नहीं किया, अपडेट नहीं किया और जब विपक्ष इन मुद्दों पर चर्चा चाहता है तो प्रधानमंत्री इसे ड्रामा बता देते हैं। अभिषेक ने केंद्र सरकार पर बंगाल के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। केंद्र ने बंगाल का करीब 2 लाख करोड़ रुपये का बकाया रोक रखा है। पिछले 7 वित्तीय वर्षों में केंद्र ने GST और इनकम टैक्स के रूप में कुल 6,50,125 करोड़ रुपये वसूले, लेकिन बंगाल का वैधानिक हिस्सा नहीं दिया जा रहा। वहीं, राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सेवाश्रय 1 के तहत अब तक 12 लाख मरीजों को निःशुल्क इलाज की सुविधा दी जा चुकी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in