जूते-चप्पल के कारोबार से होटल तक पहुंचा अबू जाफर!

पांच महीने पहले पत्नी के नाम पर ली थी ‘शिखा इन’ की सेकेंड फ्लोर
जोड़ासांको के एमएम बर्मन स्ट्रीट स्थित इसी कमरे में रहता था अबू जाफर
जोड़ासांको के एमएम बर्मन स्ट्रीट स्थित इसी कमरे में रहता था अबू जाफर
Published on

परिवार समेत फरार होने की कोशिश

कोलकाता : जूते-चप्पल का कारोबार अच्छी तरह चल रहा था। इसके बाद होटल कारोबार में निवेश करने का फैसला जोड़ासांको के अबू जाफर के लिए भारी पड़ गया। न्यू मार्केट के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित ‘शिखा इन’ होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने होटल के लीजहोल्डर अबू जाफर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि जाफर ने करीब पांच महीने पहले होटल की सेकेंड फ्लोर के नौ कमरे पत्नी के नाम पर लीज पर लिए थे। इसके लिए वह होटल के मूल मालिक बीरेश्वर मित्र को हर महीने 40 हजार रुपये देता था। लीज की अवधि 11 महीने की थी।

यूपी भागने की तैयारी में था जाफर

मंगलवार रात होटल में भीषण आग लगने और नौ लोगों की मौत की खबर मिलने के बाद जाफर कथित तौर पर अपने परिवार के साथ जोड़ासांको के 32, मदन मोहल बर्मन स्ट्रीट स्थित घर से निकल गया। पुलिस के मुताबिक उसकी योजना परिवार सहित उत्तर प्रदेश भागने की थी। हालांकि, इससे पहले ही लीलाबाजार की डिटेक्टिव टीम ने उसे पूर्वी कोलकाता के इंटाली इलाके में एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बुधवार को तड़के पास के एक होटल के कर्मचारी ने जाफर को फोन कर आग की जानकारी दी और उसे मिर्जा गालिब स्ट्रीट पहुंचने को कहा। लेकिन जाफर कथित तौर पर घटनास्थल पर जाने के बजाय अपने घर पहुंचा, दरवाजे पर ताला लगाया और परिवार के साथ वहां से निकल गया।

जोड़ासांको के घर पर लगा था ताला

जाफर का घर जोड़ासांको के मदन मोहन बर्मन स्ट्रीट की एक गली में है। यहां मकान के ग्राउंड फ्लोर के कमरे में वह पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहता था। पड़ोसियों के मुताबिक, बुधवार की सुबह से ही घर में किसी को नहीं देखा गया और दरवाजे पर ताला लटका हुआ था। पुलिस का कहना है कि जाफर इलाके में ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था। जोड़ासांको में उसका जूते-चप्पल का कारोबार और कारखाना था, जो अच्छी तरह चल रहा था।

बेटा संभालता था होटल का कामकाज

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जाफर का बेटा मुख्य रूप से होटल का कारोबार संभालता था। परिवार आगे कुछ और होटल लीज पर लेने की योजना भी बना रहा था। लेकिन पुलिस का आरोप है कि होटल का कारोबार शुरू करने के बाद वहां ठहरने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। अब जांच का अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि होटल किस तरह लीज और सब-लीज के जरिए संचालित हो रहा था और सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया।

लीज के दस्तावेज पत्नी के पास, लेकिन वह भी लापता

पुलिस पूछताछ में जाफर ने दावा किया कि होटल की लीज उसकी पत्नी के नाम पर ली गई थी और लीज से जुड़े सभी दस्तावेज उसी के पास हैं। हालांकि, पुलिस को अब तक जाफर की पत्नी का पता नहीं चला है। जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या वह किसी दूसरे राज्य में चली गई है। पुलिस अब लीज के दस्तावेज, होटल के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in