

कोलकाता : जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार और एथलीट स्वप्ना बर्मन के घर में आगजनी की घटना सामने आने के बाद आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। इस पूरे मामले को लेकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कड़ा रुख अपनाया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए घटना की निंदा की और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि जिस खिलाड़ी ने देश के लिए गौरव अर्जित किया, आज उसे केवल एक राजनीतिक दल का समर्थन करने के कारण भय और हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। भारत की बेटी का ऐसा अपमान नहीं होना चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही वह “परिवर्तन” है जिसका वादा किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतंत्र के लिए खतरा हैं और इसके लिए जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। अभिषेक ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में लगातार तृणमूल कार्यकर्ताओं और नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।