अभिषेक बनर्जी ने सतगछिया में सेवाश्रय कैंप का किया निरीक्षण

सांसद अभिषेक बनर्जी मरीज के परिजन से बातचीत करते हुए
सांसद अभिषेक बनर्जी मरीज के परिजन से बातचीत करते हुए
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सतगछिया विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सेवाश्रय कैंप का निरीक्षण किया। यह कैंप विद्यानगर मल्टीपर्पज उच्च विद्यालय के फुटबॉल मैदान में लगाया गया था, जहां सुबह से ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज के लिए पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान अभिषेक बनर्जी ने कैंप में मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्ध दवाइयों और सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने इलाज के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। कई मरीजों ने गंभीर बीमारियों और लंबे समय से इलाज न मिल पाने की बात रखी, जिस पर अभिषेक बनर्जी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।अभिषेक बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता आम लोगों तक समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोग अक्सर महंगे इलाज के कारण परेशान होते हैं, ऐसे में सेवाश्रय जैसे कैंप उनके लिए काफी राहत लेकर आते हैं। उन्होंने गंभीर रूप से बीमार मरीजों को जल्द उन्नत और विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर सतगछिया के विधायक मोहन चंद्र नस्कर, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विधायक मोहन चंद्र नस्कर ने कहा कि अभिषेक बनर्जी की पहल से क्षेत्र के लोगों को सीधे लाभ मिल रहा है और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है। कैंप में पहुंचे मरीजों और उनके परिवारजनों ने भी इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण इलाकों के गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद उपयोगी हैं और भविष्य में भी ऐसे कैंप लगातार लगाए जाने चाहिए।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in