

कोलकाता : टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने केंद्र सरकार पर देश की सर्वोच्च परीक्षाएं और भर्ती प्रणाली को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एसएससी जीडी भर्ती परीक्षा में कथित अव्यवस्था, तकनीकी गड़बड़ियों और सुरक्षा संबंधी सवाल उठाते हुए कहा कि यह केवल “कुप्रबंधन” नहीं, बल्कि “योग्यता आधारित व्यवस्था को व्यवस्थित रूप से नष्ट करने” की प्रक्रिया है।
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि NEET पेपर लीक, CBSE परीक्षा में अनियमितताओं और अब SSC GD भर्ती विवाद ने देश के युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों छात्र वर्षों की मेहनत, आर्थिक संघर्ष और मानसिक दबाव झेलने के बावजूद निष्पक्ष अवसर से वंचित हो रहे हैं।
अभिषेक ने विशेष रूप से SSC GD परीक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 46 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से कई उम्मीदवार उधार लेकर और सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा कर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे थे। इसके बावजूद सर्वर फेल होने, परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था और सुरक्षा खामियों की शिकायतें सामने आईं, जिससे भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज परीक्षाएं अवसर निर्माण के बजाय घोटालों और अनियमितताओं के कारण सुर्खियों में हैं। उनके अनुसार, युवा अब किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे, बल्कि केवल निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था चाहते हैं। अभिषेक ने चेतावनी दी कि यदि सरकार परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित नहीं कर सकती, तो वह देश के भविष्य की सुरक्षा का दावा भी नहीं कर सकती।