आमतला में अभिषेक के पार्टी कार्यालय पर चला प्रशासन का बुलडोजर

पांच मंजिली इमारत की पहली मंजिल के एक हिस्से और शेड को ढहाया गया, संबंधित भूमि 'लिप्स एंड बाउंस' नामक संस्था के नाम पर दर्ज है
शनिवार को अभिषेक के पार्टी कार्यालय में चला प्रशासन का बुलडोजर
शनिवार को अभिषेक के पार्टी कार्यालय में चला प्रशासन का बुलडोजर
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

विष्णुपुर : दक्षिण 24 परगना जिले के आमतला में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के पांच मंजिला पार्टी कार्यालय पर शनिवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। प्रशासन का कहना है कि भवन के अवैध निर्माण की शिकायत मिलने के बाद यह कदम उठाया गया। फिलहाल प्रशासन ने इमारत की पहली मंजिल के एक हिस्से और शेड को ध्वस्त किया है। कार्रवाई के दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

भाजपा ने लगाए अवैध निर्माण के आरोप

बुलडोजर की कार्रवाई के बाद यह पार्टी कार्यालय राजनीतिक विवाद के केंद्र में आ गया है। भाजपा ने भवन निर्माण को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। डायमंड हार्बर से भाजपा नेता अभिजीत सरदार ने दावा किया कि जिस स्थान पर यह भवन बनाया गया, वहां पहले एक बेकरी संचालित होती थी। उनका आरोप है कि बेकरी में आग लगने के बाद उसी जमीन पर बिना वैध अनुमति के पार्टी कार्यालय का निर्माण कराया गया। भाजपा के संगठनात्मक जिला नेता सुफल घाटू ने भी दावा किया कि वहां मतिउर रहमान नामक व्यक्ति की बेकरी थी, जिसमें 25 से 30 कर्मचारी कार्यरत थे। उनके अनुसार, एक रात बेकरी में आग लगने से वह पूरी तरह नष्ट हो गई थी। उस समय इसे दुर्घटना माना गया था, लेकिन अब उन्हें संदेह है कि आग जानबूझकर लगाई गई थी। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

नोटिस के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई

अभिषेक वर्ष 2014 से डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अपने संसदीय क्षेत्र और संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन के लिए उन्होंने आमतला में यह पार्टी कार्यालय बनाया था। क्षेत्र के दौरे के दौरान वह अक्सर इसी कार्यालय में आते थे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार भवन के कथित अवैध निर्माण को लेकर जिला प्रशासन को शिकायत मिली थी। इसके बाद इस महीने अभिषेक के पिता अमित बनर्जी को दो बार नोटिस जारी की गई। बताया जा रहा है कि संबंधित भूमि 'लिप्स एंड बाउंस' नामक संस्था के नाम पर दर्ज है, जिसके मालिक के रूप में अमित बनर्जी का नाम दर्ज है। आरोप है कि नोटिस का कोई जवाब नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in