कुलपी में गरजे अभिषेक, कहा-तृणमूल को रिकॉर्ड मतों से जिताएं

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव  बनर्जी
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव बनर्जी
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कुलपी के विवेक मैदान में तृणमूल उम्मीदवार वर्णाली धारा के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इलाके से तृणमूल को भारी मतों से जिताना है। उन्होंने कहा कि कुलपी में पहली बार निवर्तमान विधायक जोगोरंजन हालदार के सहयोग से तृणमूल का फूल खिला था। इसके बाद क्षेत्र में कई विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि बंगाल में तृणमूल की सरकार बनने के बाद इलाके में और भी विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जोगरंजन हालदार इस क्षेत्र में एआईटीसी के सदस्य और सीएम ममता बनर्जी के पुराने सिपाही हैं, जिन्होंने सीपीआई (एम) के खिलाफ संघर्ष किया। इस बार चुनाव उनके मार्गदर्शन में लड़ा जाएगा और भविष्य में पार्टी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देगी। अभिषेक ने कहा कि कुलपी में स्टेडियम की मांग को लेकर वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात करेंगे और सरकार बनने के बाद इसे पूरा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि करंजली में नया पुल बन चुका है, जिससे अब आवागमन आसान हो गया है। रामकृष्णपुर, बेलपुकुर, निश्चिंतपुर और दासपाड़ा अब सीधे 117 नंबर हाईवे से जुड़ गए हैं। बेलपुकुर स्वास्थ्य केंद्र के लिए नयी इमारत का निर्माण कार्य भी जारी है, जिससे आसपास के लोगों को लाभ मिलेगा। पूरे क्षेत्र में ड्रेनेज कार्य पर विशेष ध्यान दिया गया है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके उम्मीदवार की स्थिति सबने देखी है और वह अक्सर विवादों में रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा केवल सांप्रदायिक राजनीति करती है और महंगाई लगातार बढ़ रही है। रोजमर्रा की वस्तुओं पर जीएसटी लगाया जा रहा है—जीरा पर टैक्स है, लेकिन हीरा पर नहीं। उन्होंने कहा कि 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के चुनाव में तृणमूल को भारी जीत दिलानी होगी। 2021 में तृणमूल ने 28,000 से अधिक मतों से जीत दर्ज की थी, जिसे इस बार 40,000 से अधिक करना है। अंत में उन्होंने कहा कि चाहे एसआईआर हो या कोविड काल, तृणमूल कार्यकर्ता हमेशा लोगों के साथ खड़े रहे, जबकि भाजपा कहीं नजर नहीं आई। इसलिए सभी से अपील है कि वर्णाली धारा को भारी मतों से विजयी बनाएं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in